सिंगापुर में हिंदी का क्रेज

       सिंगापुर : सिंगापुर में हिंदी सीखने वाले छात्रों की तादाद बढ़ती जा रही है। हिंदी सोसायटी के मुताबिक चुंकि भारत में रोजगार के अवसर बहुत ज्यादा हैं इसलिए यहां हिंदी सीखने की होड़ मची है। भाषा विभाग के अध्यक्ष केके पांडे के अनुसार हिंदी सिखाने वाले चार केंद्रों और ३२ अन्य स्कूलों में प्राइमरी से लेकर जूनियर कालेज स्तर तक २००० छात्रों के लिए हिंदी की कक्षाएं चलाई जा रही हैं। (दैनिक जागरण, २५ जुलाई २००६)

आगरा में पहला हिंदी संग्रहालय

       नई दिल्ली। ताज की नगरी आगरा में देश का पहला राष्ट्रीय हिंदी संग्रहालय स्थापित किया जाएगा। यह निर्णय मानव संसाधन विकास मंत्री अर्जुन सिंह की मौजूदगी में यहां केंद्रीय हिंदी संस्थान के हिंदी शिक्षण मंडल की बैठक में लिया गया। संस्थान की ओर से जारी विज्ञप्ति में अनुसार देश के इस पहले संग्रहालय मंंे हिंदी भाषा संबंधी सभी जरूरी सूचनाओं की इलेक्ट्रानिक्स व्यवस्था के अलावा हिंदी के महान साहित्यकारों के दुर्लभ जीवन चिन्हों, वस्तुओं और महत्वपूर्ण पाण्डुलिपियों को रखा जाएगा। (राज एक्सप्रेस, २८ जुलाई, २००६)