एक तिहाई फ्रांसीसी नहीं बोल पाते हैं अंग्रेजी

            पेरिस, २२ जनवरी २००६(प्रभासाक्षी) । फ्रांस में एक तिहाई से ज्यादा लोग अंग्रेजी नहीं बोल पाते, जबकि आधे से ज्यादा लोगों का मानना है कि किसी भी विदेशी भाषा को स्कूल स्तर से ही पढ़ने पर सीखा जा सकता है। स्थानीय मीडिया में प्रकाशित सर्वेक्षण रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। सर्वेक्षण में शामिल लोगों में से ३४ प्रतिशत ने अंग्रेजी न बोल पाने में असमर्थता जाहिर की ऒर जबकि कुल १२ प्रतिशत लोग ही फर्राटेदार अंग्रेजी बोलते पाए गए।

            सर्वेक्षण में छह प्रतिशत लोगों ने अंग्रेजी समझने ऒर बोलने की बात स्वीकारी जबकि ४८ प्रतिशत ने स्वीकार किया कि वे सिर्फ अंग्रेजी समझ लेते हैं लेकिन बोल नहीं सकते। सर्वेक्षण के दौरान ५५ प्रतिशत लोगों ने विदेशी भाषा सीखने के महत्व को स्वीकार किया। इनमें सें ५० से ६४ साल की उम्र वाले ३३ प्रतिशत लोगों ने इसे स्कूली स्तर पर ही सीखने की बात कही। यह सर्वेक्षण १९ ऒर २० जनवरी को टेलीफोन के माध्यम से कराया गया था। इसमें १००४ लोगों को शामिल किया गया। दुनिया में ब्रिटिश संस्कृति ऒर अंग्रेजी भाषा के प्रसार में लगी संस्था ब्रिटिश कांउसिल के अनुसार विश्व में लगभग ७५ करोड़ लोग विदेशी भाषा के रूप में अंग्रेजी बोलते हैं।