माइक्रोसॉफ्ट की वेबसाइट पर जगदीप डांगी का इंटरव्यू

साफ्टवेयर बनाने वाली दुनिया की नंबर-एक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने अपनी वेबसाइट 'भाषा इंडिया' पर जारी किया डांगी का साक्षात्कार।

गंजबासौदा। साफ्टवेयर बनाने वाली दुनिया की नंबर एक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने अपनी वेबसाइट 'भाषा इंडिया' पर यहां के कम्प्यूटर इंजीनियर जगदीप डांगी का साक्षात्कार जारी किया है। इसके साथ ही डांगी प्रसिद्ध हस्तियों की श्रेणी में शरीक हो गए हैं।

     माइक्रोसाफ्ट 'भाषा इंडिया' ने श्री डांगी के प्रोजेक्ट 'भाषा सेतु' के तहत हिंदी भाषा में सॉफ्टवेयर विकसित करने की उपलब्धियों से प्रभावित होकर यह साक्षात्कार 'सक्सेस स्टोरी' के तहत जारी किया है। उल्लेखनीय है कि माइक्रोसॉफ्ट 'भाषा इंडिया' पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के चुनिंदा प्रख्यात व्यक्तियों के साक्षात्कार ही 'सक्सेस स्टोरी' के तहत प्रेषित किए गए हैं। जिनमे लोरी ब्राउनेल जीएम विंडोज इंटरनेशनल एंड ग्लोबल सर्विसेस डिविजन, एंडी अब्बर ग्रुप प्रोग्राम मैनेजर ऑफ माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस इंटरनेशनल, बाब ईटन एमबीपीएस, एंटो पीटर आदि हैं। डांगी के साक्षात्कार को इन्हीं प्रख्यात व्यक्तियों के साक्षात्कार की श्रेणी में शामिल कर प्रकाशित किया गया है। जगदीप के साक्षात्कार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की पत्रिकाओं जैसे डिजिट, आईटी, विज-इंडिया, सीटीओ फोरम, इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए, सीएसआई, कम्युनिकेशन, बीबीसी आदि द्वारा भी प्रकाशित किए गए हैं।

      डांगी द्वारा भारतीय भाषाओं के सॉफ्टवेयर विकास हेतु तैयार प्रोजेक्ट 'भाषा सेतु' एक बहुभाषी प्रोजेक्ट है। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य सभी तरह की देशी-विदेशी और भारतीय क्षेत्रीय भाषाओं को कम्प्यूटर पर एक ही प्लेटफार्म पर लाकर एक-दूसरे से जोड़ना है। भारतीय परिवेश में यह प्रोजेक्ट भारतीय ग्रामीण लोगों को कंप्यूटर पर विशेष तौर से इंटरनेट के संचालन को उन्हें अपनी ही भाषा में उपलब्ध कराएगा। वर्तमान में इस प्रोजेक्ट के तहत डांगी द्वारा विकसित तीन तरह के सॉफ्टवेयर प्रमुख हैं, जिनमें विश्व का प्रथम हिंदी इंटरनेट एक्सप्लोरर (आई ब्राउजर ++ ), अंग्रेजी से (हिन्दी शब्दानुवादक ) अनुवादक/ग्लोबल वर्ड ट्रांसलेटर एवं (अंग्रेजी-हिंदी और हिंदी-अंग्रेजी ) शब्दकोश हैं। (दैनिक भास्कर, २९ अगस्त २००६ ) माइक्रोसाफ्ट के विश्व-जाल स्थल 'भाषा इंडिया' पर डांगी का साक्षात्कार पढ़ें।