माइक्रोसॉफ्ट का पुरस्कार बालेन्दु दाधीच को

              नई दिल्ली। हिन्दी पोर्टल प्रभासाक्षी डॉट कॉम के प्रबंध संपादक बालेन्दु दाधीच को सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए विश्व की अग्रणी साफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने मोस्ट वेल्युएबल प्रोफेशनल २००७ के खिताब से नवाजा है। (दैनिक जागरण, भोपाल १३.१०.२००६ से साभार )

बालेन्दु दाधीच

              बालेन्दु की पहली ऒर आखिरी चिंता है- हिंदी की दुनिया कहीं आईटी के मामले में अंग्रेजी से पीछे न रह जाए। हिंदी से जुड़ी तकनीकी अड़चनों सीमाओं, इंटरनेट पत्रकारिता की चुनॊतियों ऒर हिंदी को दोयम दर्जे की चीज मानने वालों का प्रतिरोध करने के लिए वे हमेशा तैयार रहते हैं ऒर उनका अडिग मत है कि हालात जल्दी ही बदलेंगे।

              प्रिंट में राजस्थान पत्रिका ऒर जनसत्ता, टेलीविजन में होम टीवी, रेडियो में एफएम-२ ऒर इंटरनेट में वेबवार्ता व प्रभासाक्षी से जुड़े रहे बालेन्दु पत्रकारिता की इन चारों किस्मों में लंबा अनुभव रखते हैं। उनके पास हिंदी भाषा, पत्रकारिता, कम्प्यूटर विज्ञान ऒर प्रबंधन चारों क्षेत्रों में स्नातकोत्तर उपाधियां हैं। बालेन्दु सिर्फ इंटरनेट पत्रकारिता के जरिए ही आईटी से नहीं जुड़े हैं बल्कि खुद माइक्रोसॉफ्ट द्वारा प्रमाणित सॉफ्टवेयर डवलपर भी हैं। वे हिंदी-अंग्रेजी में करीब ५० वेबसाइट्स बना चुके हैं ऒर हिंदी में एक वर्ड प्रोसेसर 'माध्यम', समाचार-संकलन सॉफ्टवेयर 'न्यूजग्रैबर', एफटीपी सॉफ्टवेयर 'पिरामिड एफटीपी' ऒर सुरक्षित ईमेल आदान-प्रदान के सॉफ्टवेयर 'कम्यूनिकेटर' आदि का भी विकास किया है। अंग्रेजी से हिंदी में कम्प्यूटरीय अनुवाद करने की परियोजना 'अनुवादक' से भी जुड़े रहे हैं। प्रभासाक्षी.कॉम के संपादकीय ऒर तकनीकी दोनों विभागों को समान विशेषज्ञता के साथ देख रहे हैं।

              श्री बालेन्दु दाधीच को अनुरोध.कॉम की ओर से हार्दिक बधाई।